दिल्ली में आज होगी मानसून की एंट्री
नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून की एंट्री का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। बीते कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में उमस से लोग परेशान रहे। वहीं बिहार में कई जिलों में मानसून ने दस्तक दे दी है। उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून का इंतजार हो रहा है।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 24 और 25 जून को हल्की से मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कहा गया कि मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में मानसून के आने की संभावना है। जबकि सोमवार को दिल्ली में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। आईएमडी ने कहा, "शहर में बारिश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मंगलवार और बुधवार दोनों दिन हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।"
स्काईमेट के अनुसार, अगले दो दिनों के भीतर उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों, राजस्थान के कुछ हिस्सों, पंजाब, हरियाणा के कुछ भागों, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश के बचे हिस्सों, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू में मानसून आने का अनुमान है।
कैसा था पिछले 24 घंटे का मौसम?
पिछले 24 घंटे के दौरान, पूर्वोत्तर बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्सों, पंजाब, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह तथा राजस्थान के कुछ स्थानों में मध्यम से भारी बारिश हुई। मराठवाड़ा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और आंतरिक तमिलनाडु में हल्की बारिश देखी गई।
वहीं पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, पूर्वी राजस्थान, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम 36.2 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 60 से 89 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार यानी आज बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश होगी। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है।
बता दें 25 जून को येलो अलर्ट है। बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री तक रहने की संभावना है। इसके बाद 26 से 29 जून तक हल्की बारिश होगी। अधिकतम तापंमान 33 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री तक रह सकता है।

NEET विवाद पर नितिन नवीन का बड़ा बयान, बोले- विपक्ष के हर सवाल का देंगे जवाब
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर फूटा लोगों का गुस्सा, शताब्दीपुरम पुलिस छावनी में तब्दील
'ड्रग्स केस में फंसा दूंगा' कहने वाले पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, किया गया सस्पेंड
कैंची से घायल बच्चे की जान पर बनी आफत, डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी से बचाया
ऑटोइम्यून बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकती है आंखों और मुंह की ड्राइनेस, जानें बचाव के तरीके
प्रकृति का अनमोल खजाना है नागालैंड, मानसून में इन 5 जगहों का नजारा नहीं भूलेंगे