आधी रात खजुराहो में उतरा मुख्यमंत्री का विमान, 2 दिन यही से चलेगी मध्य प्रदेश सरकार
छतरपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भोपाल में मंत्रियों का परफॉर्मेंस रिव्यू करने के बाद आधी रात खजुराहो पहुंचे. सीएम 2 दिन तक अपनी सरकार खजुराहो से ही चलाने वाले हैं. भोपाल के बाद मुख्यमंत्री खजुराहो से बाकी के विभाग व मंत्रियों का रिव्यू करेंगे. रविवार देर रात सीएम मोहन यादव का विमान खजुराहो पहुंचा तो उनकी अगवानी करने एयरपोर्ट पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री दिलीप अहिरवार सहित कई विधायक पहुंचे. मोहन यादव छत्तरपुर जिले के विकास के लिए 510 करोड़ 65 लाख के 29 विकास व निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे.
8 दिसंबर को विभागों की समीक्षा, 9 को कैबिनेट बैठक
चंदेल राजाओ की धरती और मंदिरों के शहर खजुराहो में सीएम मोहन यादव दो दिनों तक रहेंगे. यहां सीएम के साथ सभी विभागीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे. मोहन यादव सरकार की इस खास बैठक के लिए खजुराहो में तैयारियां पहले ही पूरी हो चुकी थीं. मुख्यमंत्री सोमवार को बचे हुए विभागों व मंत्रियों की कार्यों की समीक्षा करेंगे, वहीं 9 दिसंबर मंगलवार को उनकी अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें प्रदेश सहित बुन्देलखंड के विकाश पर फोकस कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे.
ऐसा रहेगा मुख्यमंत्री का पूरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री द्वारा सीसीआईपी की बैठक और लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के दो वर्षों में हुए कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी. विभागों की समीक्षा बैठक खजुराहो के कन्वेशंन सेंटर में होगी,साथ ही मुख्यमंत्री खजुराहो के आदिवर्त जनजातीय संग्रहालय में आयोजित साउंड एंड लाइट शो कार्यक्रम में शामिल होंगे और म्यूजियम परिसर का भ्रमण कर रात्रि भोज करेंगे. आदिवर्त म्यूजियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सरदार वल्लभ भाई पटेल व महाराजा छत्रसाल की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे. वहीं, राजनगर स्थित सत्ती की मढ़िया खेल परिसर में आयोजित लाड़ली बहना कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में दिसंबर माह की राशि ट्रांसफर करेंगे और बहनों के साथ सीधा संवाद भी करेंगे. सम्मेलन स्थल पर विकास पर केंद्रित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.
510 करोड़ 65 लाख के 29 विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण
दो दिनों तक खजुराहो में रहकार मुख्यमंत्री मोहन यादव छतरपुर जिले के विकास का पिटारा खोलेंगे. वे 510 करोड़ 65 लाख रुपए के 29 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे, जो इस प्रकार हैं.
- बड़ामलहरा में गढ़ीसेमरा तालाब लागत लगभग 552.42 लाख रुपए.
- जरा तालाब नहर लगभग 391.01 लाख रुपए.
- विकासखंड लवकुशनगर में उप स्वास्थ्य केन्द्र माधोपुर, पटना, पीरा की लागत लगभग 65-65 लाख रुपए.
- विकासखंड राजनगर में उपस्वास्थ्य केन्द्र पहरा लागत लगभग 71.16 लाख रुपए.
- विकासखंड बड़ामलहरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रानीताल लागत लगभग 295.45 लाख रुपए.
- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुवारा लागत लगभग 964.7 लाख रुपए.
- विकासखंड बक्सवाहा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बम्होरी लागत लगभग 164.93 लाख रुपए.
- उप स्वास्थ्य केन्द्र जुझारपुरा लागत लगभग 49.14 लाख रुपए.
- शासकीय संदीपनि बालक मॉडल उ.मा. विद्यालय निर्माण लागत लगभग 3478 लाख रुपए.
- विकासखंड नौगांव में 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल लागत लगभग 1134.86 लाख रुपए.
- बीपीएचयू भवन निर्माण कार्य लागत लगभग 50 लाख रुपए.
- सी.एच.सी निर्माण लागत लगभग 1135 लाख रुपए.
- विकासखंड छतरपुर में जिला चिकित्सालय में आईपीएचएल लैब निर्माण लागत लगभग 94.1 लाख रुपए.
- शासकीय संदीपनि मॉडल उ.मा. विद्यालय लागत लगभग 4478 लाख रुपए.
- सीसीएचबी छतरपुर निर्माण लागत लगभग 3055 लाख रुपए.
- जिला चिकित्सालय छतरपुर में ईसीआरपी-2 योजना अंतर्गत 100 बिस्तरीय वार्ड का निर्माण लागत 750 लाख रुपए.
- विकासखंड बिजावर में शासकीय संदीपनि बालक उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय बिजावर लागत लगभग 3320 लाख रुपए.
- विकासखंड राजनगर में शासकीय संदीपनि मॉडल उ.मा. विद्यालय लागत लगभग 3832 लाख रुपए.
-
अन्य निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री मोहन यादव विकासखण्ड गौरिहार व लवकुशनगर अंतर्गत बछौन-चंदला-सरबई-गौरिहार-चन्द्रपुरा (यूपी बॉर्डर) मार्ग का उन्नयनीकरण कार्य लगभग 19161 लाख रुपए, विकासखण्ड नौगांव में गाड़ी खाना में शॉपिंग कॉम्पलेक्स लागत लगभग 160.9 लाख, जनपद पंचायत भवन निर्माण लवकुशनगर लागत लगभग 525.67 लाख, लवकुशनगर बाईपास मार्ग का निर्माण कार्य लागत लगभग 5447.45 लाख, गौरिहार अंतर्गत उप स्वास्थ्य केन्द्र मझपटिया, कीरतपुर पडरखा, बक्सवाहा अंतर्गत दरगुवां और बिजावर अंतर्गत रतनपुर उप स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण लागत लगभग 65-65 लाख रुपए और लगभग 1500 लाख रुपए की लागत से निर्मित शासकीय महाविद्यालय घुवारा का भूमिपूजन करेंगे.
खजुराहो के पर्यटन व छतरपुर को मिलेगी विकास की नई रफ्तार
मुख्यमंत्री के खजुराहो आगमन को लेकर स्थानीय राजनगर विधायक अरविन्द पटैरिया ने कहा, '' यह हमारा सौभाग्य है कि मुख्यमंत्री ने हमारे खजुराहो को कैबिनेट के रूप में सौगात दी है. हम मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों का भव्य स्वागत करेंगे, इस आयोजन से हमारे खजुराहो के पर्यटन के विकाश को नई रफ्तार मिलेगी.''

कंबाइन हार्वेस्टरों को मिलेगी टोल से छूट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मसाला क्षेत्र विस्तार योजना: मसाले की खेती ओर बढ़ रहा किसानों का रूझान
पश्चिम एशियाई संकट के बीच उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटी सरकार
वर्तमान समय जनजातीय समाज के विकास का अभूतपूर्व काल- राज्यपाल पटेल
धर्म नगरी वाराणसी में 3 से 5 अप्रैल तक होगा महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य का ऐतिहासिक मंचन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव